Explore

Search

August 19, 2026 11:31 am

अयोध्या पहुंचे बिलासपुर-बेलतरा के रामभक्त, रामलला के चरणों में अर्पित किए श्रद्धा के नारियल

तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ का हुआ समापन, विजय केशरवानी ने परिवार सहित किए रामलला के दर्शन

CBN36 अयोध्या। अयोध्या में रामलला के मंदिर से जुड़ी चोरी की घटना से आहत बिलासपुर और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के रामभक्तों ने अपनी पीड़ा को श्रद्धा और संकल्प में बदलते हुए नारियल अयोध्या पहुंचाए। तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ के दौरान श्रद्धालुओं से एकत्र किए गए नारियल को बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने परिवार सहित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के चरणों में विधिवत अर्पित किया।

केशरवानी ने रामलला के दर्शन कर बिलासपुर और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के श्रद्धालुओं की ओर से नारियल समर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि क्षेत्र के असंख्य रामभक्तों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व है।

‘ये नारियल नहीं, बिलासपुर और बेलतरा के ननिहाल की भावनाएं हैं’

विजय केशरवानी ने कहा कि उनके हाथों में केवल नारियल नहीं थे, बल्कि बिलासपुर और बेलतरा के उन रामभक्तों की भावनाएं थीं, जिन्होंने श्रद्धा और मन की पीड़ा के साथ इन्हें अर्पित किया था। उन्होंने कहा कि नारियल रामलला के चरणों में रखते समय ऐसा लगा, जैसे बिलासपुर और बेलतरा का पूरा ननिहाल अपने भांचा श्रीराम के दरबार में उपस्थित होकर प्रणाम कर रहा हो।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए केवल भवन या धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, संघर्ष और वर्षों की प्रतीक्षा का पवित्र केंद्र है। मंदिर से जुड़ी घटना ने श्रद्धालुओं को आहत किया, लेकिन लोगों ने अपनी पीड़ा को विवाद या कटुता में बदलने के बजाय श्रद्धा और संकल्प का रूप दिया।

‘हमारी भावना विरोध की नहीं, श्रद्धा को संबल देने की थी’

केशरवानी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य किसी के विरोध में खड़ा होना नहीं था। आहत श्रद्धालुओं की भावनाओं को श्रद्धा के माध्यम से रामलला तक पहुंचाना ही यात्रा का उद्देश्य रहा।

उन्होंने कहा, “बेलतरा और बिलासपुर के ननिहाल ने अपने भांचा श्रीराम के चरणों में श्रद्धा का नारियल रखकर संदेश दिया है कि हमारी आस्था अटूट है।”

भांचा श्रीराम से छत्तीसगढ़ के ननिहाल का आत्मीय रिश्ता

विजय केशरवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा में भगवान श्रीराम को भांचा मानने की भावना बेहद आत्मीय और गहरी है। इसी भाव के कारण अयोध्या से जुड़ी घटना ने छत्तीसगढ़ के लोगों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया।

उन्होंने कहा, “भांचा और ननिहाल का रिश्ता शब्दों से नहीं, भावनाओं से समझा जाता है। छत्तीसगढ़ के लिए श्रीराम केवल आराध्य नहीं, हमारे भांचा हैं। इसी आत्मीय रिश्ते के साथ बिलासपुर और बेलतरा की जनता ने अपनी श्रद्धा अयोध्या तक पहुंचाई है।”

काशी से बैद्यनाथ धाम और विंध्याचल तक किए दर्शन

अयोध्या पहुंचने से पहले विजय केशरवानी ने परिवार सहित देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम, काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर, दुर्गा कुंड स्थित मां दुर्गा मंदिर, सारनाथ के बाबा सारंगनाथ महादेव, कैथी स्थित बाबा मार्कंडेय महादेव और विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन किए।

इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़, बिलासपुर, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र और समस्त जनमानस की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।

बेलतरा से अयोध्या तक पहुंची श्रद्धा

तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ के दौरान बेलतरा विधानसभा और बिलासपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं के श्रद्धा के नारियल एकत्र किए गए थे। यात्रा के दौरान लोगों ने अपनी मनोकामना, आशीर्वाद और आहत मन की श्रद्धा के प्रतीक के रूप में नारियल अर्पित किए।

केशरवानी ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भावनाएं देखकर यह स्पष्ट हुआ कि रामलला के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है। उन्होंने कहा कि इन सभी भावनाओं को रामलला के चरणों में समर्पित करने के साथ यात्रा का संकल्प पूरा हुआ है।

‘अयोध्या में आज नारियल नहीं, बिलासपुर और बेलतरा का स्नेह पहुंचा’

यात्रा में सहभागी सभी रामभक्तों का आभार जताते हुए विजय केशरवानी ने कहा कि अयोध्या में केवल नारियल नहीं पहुंचे, बल्कि बिलासपुर और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र का स्नेह, रामभक्तों की प्रार्थना और अपने भांचा श्रीराम के प्रति अटूट विश्वास पहुंचा है।

उन्होंने कहा, “जिन हाथों ने श्रद्धा से नारियल अर्पित किए थे, उन सभी हाथों की भावनाएं आज रामलला के चरणों तक पहुंची हैं। यही हमारी श्रद्धा है, यही हमारा समर्पण है और यही बिलासपुर-बेलतरा का अपने भांचा श्रीराम के प्रति प्रेम है।”

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS