Explore

Search

August 13, 2026 9:15 pm

वैशाली नगर पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

सोने चाँदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर और चोरी में इस्तेमाल वाहन बरामद

मई से जुलाई के बीच कई वारदातों को दिया अंजाम, अलग-अलग ज्वेलर्स को बेचते थे चोरी के आभूषण

CBN36 दुर्ग। वैशाली नगर पुलिस ने बंद और सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने मई, जून और जुलाई 2026 के दौरान वैशाली नगर, कैंप, राजीव नगर, सुपेला सहित आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

बंद मकानों की करते थे रेकी

पुलिस के अनुसार, वैशाली नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी के सामान के संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। मिले तथ्यों के आधार पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने दिन और रात के समय बंद एवं सुनसान मकानों की रेकी करने की बात कबूल की।

मकान के लंबे समय से बंद होने की पुष्टि के बाद आरोपी ताला तोड़कर घर में घुसते थे और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर तथा अन्य सामान चोरी कर ले जाते थे।

मई से जुलाई तक कई मकानों को बनाया निशाना

आरोपियों ने मई 2026 में स्कूल के सामने स्थित एक मकान से सोने की कानबाली, चांदी की बिछिया, पायल और करधन चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा कैंप और राजीव नगर क्षेत्र के मकानों से भी सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए।

जून और जुलाई में भी आरोपियों ने बंद मकानों को निशाना बनाया। इस दौरान सोने की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी की पायल, बिछिया, करधन, नकदी, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी किया गया।

ज्वेलर्स को बेचकर आपस में बांटते थे रकम

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को अलग-अलग ज्वेलर्स के पास बेच दिया जाता था। इससे प्राप्त रकम को आपस में बांटकर खर्च किया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है।

अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी मिली जानकारी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों से अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। थाना वैशाली नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 307/2026 सहित अन्य चोरी के मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। बरामदगी और अन्य प्रकरणों में भूमिका को लेकर विवेचना जारी है।

पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मोहम्मद अनीस खान (40), निवासी जेपी नगर कैंप-02; श्रीनिवास शाह (35), निवासी शारदा पारा, कैंप-02; मोहम्मद इरशाद (32), निवासी अंबेडकर नगर, कोहका; एम. चिन्ना राव (54), निवासी स्टीलनगर, थाना सुपेला और शमीन बेगम उर्फ सोना (42), निवासी जेपी नगर, कैंप-02 को गिरफ्तार किया है।

चोरी का सामान और वाहन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य चोरी का सामान तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। बरामद सामग्री का विस्तृत विवरण प्रकरण की जप्ती पत्रक एवं विवेचना अभिलेख में दर्ज है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मकान को लंबे समय के लिए बंद रखने पर आसपास के विश्वसनीय लोगों को इसकी जानकारी दें और घर की सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने चोरी की सामग्री की खरीद-फरोख्त करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS