Explore

Search

August 13, 2026 8:08 pm

300 CCTV फुटेज खंगाल 10 दिन में ट्रेलर डाला चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

रायपुर में 4.30 लाख में बेच दिया था चोरी का डाला, बिलासपुर से बरामद ,पायलेटिंग कर रही 8 लाख की कार भी जब्त

CBN36 रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के मामले का 10 दिन में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया डाला और इंजन समेत करीब 13 लाख का माल बरामद किया है। वहीं वारदात में पायलेटिंग के लिए इस्तेमाल की गई करीब 8 लाख कीमत की कार और आरोपियों के मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

एएसपी अनिल सोनी के मुताबिक आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की और सुनियोजित तरीके से 27 जुलाई की देर रात करीब 2:30 बजे डाला चोरी किया। इसके बाद चोरी के डाला को दूसरे ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर ले गए। वहां इसे ₹4.30 लाख में बेच दिया गया।

300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड निवासी धीरज कुमार नवीन ने 2 अगस्त को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ट्रेलर क्रमांक CG 12 BK 3140 का डाला सीएमओ तिराहा के पास सड़क किनारे खड़ा था, जो 28 जुलाई की सुबह गायब मिला।

रिपोर्ट के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने पुलिस टीम को जांच में लगाया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 300 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। रात के अंधेरे में चोरी के वाहन की पहचान मुश्किल थी, लेकिन फुटेज जोड़ते-जोड़ते पुलिस को अहम सुराग मिला।

आगे चल रही कार ने खोला राज

CCTV में चोरी का डाला ट्रेलर क्रमांक CG 13 AS 8857 के इंजन से जोड़कर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके आगे नीले रंग की कार CG 13 BA 7639 पायलेटिंग करती नजर आई। पुलिस ने दोनों वाहनों के रूट को CCTV के जरिए ट्रेस किया।

आरोपियों ने टोल और हाईवे से बचने के लिए कच्चे और बाईपास रास्तों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने वाहनों को रायपुर के कबीरनगर क्षेत्र तक ट्रेस करने के बाद आरटीओ रिकॉर्ड के आधार पर ट्रेलर मालिक तक पहुंच बनाई।

आरटीओ रिकॉर्ड से आरोपी तक पहुंची पुलिस

आरटीओ रिकॉर्ड में ट्रेलर मालिक की पहचान जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल (26) निवासी बोइरदादर, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के डाला को ट्रेलर के इंजन में फंसाकर रायपुर ले गए थे।

4.30 लाख में बेचा, बिलासपुर से बरामद

आरोपियों ने चोरी का डाला रायपुर के कबीरनगर निवासी हरचरण सिंह सरदार को 4.30 लाख में बेच दिया था। उसके कहने पर डाला इंजन सहित ग्राम बेलतरा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर में रखा गया था।पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर चोरी गया डाला और इंजन बरामद कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹13 लाख बताई गई है।

पायलेटिंग में इस्तेमाल कार भी जब्त

पुलिस ने चोरी के दौरान पायलेटिंग में इस्तेमाल नीले रंग की कार CG 13 BA 7639 भी जब्त की है। कार की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख है। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

तीनों आरोपी ड्राइवर, एक पहले भी चोरी में गया जेल

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी ड्रायवरी का काम करते हैं। उन्होंने वाहनों और रास्तों की जानकारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी संदीप कुमार खत्री करीब दो माह पहले मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।चोरी का डाला खरीदने वाला हरचरण सिंह सरदार अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।जब्त संपत्ति में चोरी गया ट्रेलर डाला और इंजन करीब 13 लाख, वारदात में प्रयुक्त कार करीब 8 लाख तथा आरोपियों के मोबाइल फोन शामिल हैं।

10 दिन की मेहनत से मिली सफलता

करीब 300 CCTV फुटेज की जांच, तकनीकी साक्ष्यों और वाहनों के रूट की पड़ताल से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। रात के अंधेरे में चोरी के वाहन की पहचान मुश्किल होने के बावजूद पायलेटिंग कर रही कार पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS