Explore

Search

August 13, 2026 7:36 pm

फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो से हाईवे पर डीजल चोरी, दो गिरफ्तार

ट्रेलर से डीजल चोरी के दौरान चालक के जागने पर भागे आरोपी, स्कॉर्पियो पलटने से खुला राज ,मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंद, दो की तलाश जारी

CBN36 रायगढ़, 13 अगस्त। हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो से वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से चोरी का डीजल, पाइप, लोहे का सब्बल, मोबाइल और अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद की थीं।

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से मिला सुराग

मामले की शुरुआत तीन फरवरी 2026 को हुई। अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार थे। जूटमिल पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब दो मीटर लंबा पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल और अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं।

जांच में खुला फर्जी नंबर प्लेट का राज

स्कॉर्पियो पर CG-04-BT-0664 नंबर अंकित था, लेकिन परिवहन विभाग की जांच में इस नंबर का कोई वाहन रिकॉर्ड नहीं मिला। वाहन के अंदर मिली CG-12-BT-6416 नंबर प्लेट की जांच करने पर वह मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत स्कॉर्पियो से संबंधित मिली। पूछताछ और किरायानामा की जांच में पता चला कि वाहन 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।

ट्रेलर चालक के जागने पर भागे आरोपी

पुलिस की पूछताछ में संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट ने बताया कि पुरुषोत्तम यादव के कहने पर स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे रायगढ़ आए और हाईवे पर खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने लगे।

डीजल टंकी का लॉक तोड़कर डीजल निकालने के दौरान ट्रेलर चालक जाग गया और शोर मचाने लगा। इसके बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया। आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मुख्य आरोपी पहले से जेल में

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी और अन्य धाराओं के पांच प्रकरण दर्ज हैं। वह वर्तमान में थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के अपराध क्रमांक 368/2026 के मामले में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद है।

जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। उसे बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी। वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे की तलाश जारी है।

दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा रिमांड पर

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सुनील कुमार केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा और संदीप कुमार डहरिया, उम्र 34 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया। दोनों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी तथा सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। आरोपियों की धरपकड़ में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी और शिवा प्रधान की अहम भूमिका रही।

एसएसपी बोले- अन्य आरोपियों की भी होगी गिरफ्तारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले से गुजरने वाले हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। जांच में सामने आए गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। अपराध में प्रयुक्त वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अपराधों में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS