डीजीपी गौतम बोले- समय पर बीमारी की पहचान से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है,संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और एसएसपी रहे मौजूद

अपोलो हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को दिए स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, ब्लड शुगर और बीपी की नि:शुल्क जांच
पुलिस परिवार के 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को डीजीपी अरुण देव गौतम ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र, माता-पिता को भी दी बधाई

डीजीपी ने बिलासपुर पुलिस की आधारभूत सुविधाओं और निर्माणाधीन भवनों का किया निरीक्षण
CBN36 छत्तीसगढ़ ।पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरुण देव गौतम के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में तथा उप पुलिस महानिरीक्षक-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस द्वारा आज पुलिस लाइन, बिलासपुर स्थित चेतना हॉल में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के लिए मेगा हेल्थ चेकअप कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में संभागायुक्त बिलासपुर सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल उप पुलिस महानिरीक्षक-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह तथा अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के यूनिट हेड अजय कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग एवं अपोलो हॉस्पिटल्स के चिकित्सकीय दल की उपस्थिति रही।
डीजीपी अरुण देव गौतम ने स्वास्थ्य जागरूकता को बताया जरूरी

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना नहीं है, बल्कि बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान कर उचित उपचार एवं बचाव के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस परिवार में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत होगी तथा बीमारी के गंभीर रूप लेने से पहले ही उसके लक्षणों को पहचानकर आवश्यक उपचार एवं सावधानी बरती जा सकेगी।
डीजीपी गौतम ने पुलिस परिवार के बच्चों के पुलिस के प्रति लगाव और सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों में बचपन से ही वर्दी के प्रति आकर्षण और सम्मान होता है। पुलिस के अच्छे कार्यों और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से इस सम्मान एवं विश्वास को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अपोलो हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर परामर्श एवं जागरूकता प्रदान की गई।अपोलो हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञ टीम द्वारा पेट एवं लीवर, स्पाइन सर्जरी एवं हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, त्वचा रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजियोथेरेपी तथा डायटेटिक्स से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं सामान्य स्वास्थ्य मानकों की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त लीवर की विशेष जांच के लिए निःशुल्क फाइब्रोस्कैन तथा टाइटन आई+ द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा भी प्रदान की गई।
इससे पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिला।अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर द्वारा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराई गई। शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।
नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रारंभिक स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श लेने पर विशेष जोर दिया गया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा इस पहल के माध्यम से पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा स्वस्थ पुलिस बल के माध्यम से अधिक प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
पुलिस परिवार के मेधावी विद्यार्थियों का डीजीपी ने किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के उन बच्चों को भी प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेधावी विद्यार्थियों की सूची में स्थान बनाया।

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने स्वयं मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों के माता-पिता को भी उनके बच्चों की उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।

सम्मानित मेधावी विद्यार्थियों में नमन तिवारी, अंजली राजपूत, अनुष्का खलखों, शिलादित्य चंदेल, श्रेयांश सिंह, साक्षी पाठक, रुद्र वाल्मीकि, रघुराज सिंह ठाकुर, करण मरावी, भावना पटेल एवं कमाना मरकाम शामिल रहे।इस पहल का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
डीजीपी ने पुलिस अधोसंरचना एवं निर्माणाधीन भवनों का किया निरीक्षण

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के बाद पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम द्वारा बिलासपुर पुलिस की आधारभूत सुविधाओं एवं संरचना का निरीक्षण किया गया।इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस हॉस्पिटल, शहीद स्मारक तथा पुलिस लाइन बिलासपुर का निरीक्षण किया और पुलिस अधोसंरचना से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस बल और पुलिस परिवार के समग्र कल्याण की दिशा में पहल

बिलासपुर पुलिस द्वारा इस पहल के माध्यम से पुलिस बल के स्वास्थ्य एवं कल्याण के साथ-साथ पुलिस परिवार के बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया गया।

स्वस्थ एवं सशक्त पुलिस बल तथा उनके परिवारों के समग्र कल्याण की दिशा में इस प्रकार के स्वास्थ्य, जागरूकता एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
प्रधान संपादक



