Explore

Search

August 12, 2026 6:11 pm

मुंगेली में चोरी के गिरोह पर एसएसपी का शिकंजा, 10 लाख का माल बरामद; चार गिरफ्तार

शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 200 कट्टी चावल और 16 कट्टी शक्कर बरामद

“एसएसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों और व्यापारियों से की अपील कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या चौकी में दें, घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाए ”

CBN36 मुंगेली। शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह पर मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 100 क्विंटल चावल, 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की नगदी और चोरी में इस्तेमाल पिकअप समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मुंगेली जिले के पालचुवा, बेलखुरी और कलारजेवरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाया था। वारदातों के खुलासे के लिए एसएसपी भोजराम पटेल ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर विशेष अभियान चलाने और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और एसडीओपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

ऑपरेशन बाज के तहत कार्रवाई

मुंगेली पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बेसिक पुलिसिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ और चोरी का माल खपाने वाले नेटवर्क की भी जानकारी सामने आई।

पिकअप से पहुंचते थे, ताले तोड़कर चावल-शक्कर करते थे पार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिकअप वाहन से गांवों में घूमकर शासकीय उचित मूल्य दुकानों की रेकी करते थे। रात में दुकानों के ताले और चैनल गेट तोड़कर चावल-शक्कर चोरी करते और बाद में चोरी का माल बिलासपुर में व्यापारियों के माध्यम से बेच देते थे।

एसएसपी आईपीएस भोजराम पटेल के अनुसार, चोरी किए गए माल को पहले ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चावल बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में बिक्री किया जाता था। चोरी से मिली रकम आरोपियों के बीच बांटी जाती थी।

तीन प्रकरणों का खुलासा, 200 कट्टी चावल बरामद

थाना पथरिया के बेलखुरी और कलारजेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के पालचुवा में हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपियों की निशानदेही पर 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर और 24 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरी, चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, लोहे का सब्बलनुमा रॉड और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

दूसरे जिलों की वारदातों के भी मिले सुराग

पूछताछ में आरोपियों ने मुंगेली के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे किए। पुलिस के मुताबिक, मारो चौकी क्षेत्र के पुटपुरा और सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी स्थित सोसायटी से भी चावल चोरी करने की बात सामने आई है। लोरमी क्षेत्र में डीएपी खाद चोरी और ग्राम कोकही के एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस अब इन मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे

पुलिस ने मामले में खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है।

एसएसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या चौकी में दें। उन्होंने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की है।

कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव सहित साइबर सेल, सिटी कोतवाली और पथरिया थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS