CBN36 दुर्ग। साईनगर बघेरा में हिसाब-किताब को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
चॉइस सेंटर चलाने को लेकर होता था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देवेन्द्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन सगे भाई थे। दोनों मिलकर चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। इसी क्रम में हिसाब-किताब को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया।
कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार
विवाद के दौरान देवेन्द्र देवांगन ने अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश की मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।
प्रधान संपादक



