CBN36 रायगढ़। करीब चार वर्षों से लापता दुष्कर्म पीड़िता को घरघोड़ा पुलिस ने रायगढ़ से बरामद कर लिया। पुलिस ने 11 अगस्त को पीड़िता की माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थिति सुनिश्चित कराई। मामला विशेष पॉक्सो प्रकरण क्रमांक 57/2021 से जुड़ा है। पीड़िता के लापता होने के कारण मामले की न्यायिक कार्यवाही प्रभावित हो रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पीड़िता की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने तलाश अभियान चलाया।
परिजनों और रिश्तेदारों से की पूछताछ
पुलिस टीम ने पीड़िता के परिजनों, सहेलियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन शुरुआती तौर पर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद टीम ने रायगढ़ जिले के अलावा अन्य जिलों में भी संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की।
पुलिस ने व्यवसायिक क्षेत्रों, फैक्ट्री क्षेत्रों, कोयला खदानों और स्लम इलाकों में भी पीड़िता की पतासाजी की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 10 अगस्त को पीड़िता को रायगढ़ से बरामद कर लिया गया।
पॉक्सो मामले की सुनवाई में मिलेगी गति
घरघोड़ा थाने में वर्ष 2021 में अपराध क्रमांक 232/2021 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 376 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण विशेष न्यायाधीश, एफटीएससी (पॉक्सो) न्यायालय घरघोड़ा में विचाराधीन है।
पीड़िता के न्यायालय में उपस्थित होने से मामले की न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाने की प्रक्रिया भी मजबूत होगी।
चार पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पीड़िता की तलाश और न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, आरक्षक 871 दिनेश सिदार, आरक्षक 415 प्रदीप तिग्गा और आरक्षक 646 हरीश पटेल की विशेष भूमिका रही।
एसएसपी बोले- पीड़ितों को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। कोई पीड़ित वर्षों से लापता हो, तब भी उसकी तलाश के प्रयास नहीं रुकेंगे। प्रत्येक पीड़ित को न्याय की प्रक्रिया से जोड़ने और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए पुलिस संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
प्रधान संपादक



