Explore

Search

August 12, 2026 5:28 pm

बछड़े को दफनाने के मिले रुपये के विवाद में पिता-पुत्र ने की ग्रामीण की हत्या

CBN36 जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में मृत बछड़े को दफनाने के एवज में मिले रुपये में हिस्सा मांगने को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र ने एक ग्रामीण के सिर पर लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से घायल ग्रामीण की इलाज के लिए जशपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की सुबह ग्राम कंदराई पाठ निवासी फगुआ राम कोरवा (50) और उसका बेटा बृजनाथ राम कोरवा (21) लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। इसी दौरान सन्ना निवासी राजू ने अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए दोनों से कहा। आरोपियों ने बछड़े को दफना दिया, जिसके बदले उन्हें रुपये मिले।

इसी दिन मृतक फगुआ राम भी अपनी पत्नी के साथ लकड़ी बेचने सन्ना आया था। पंचायत भवन के पास उसकी मुलाकात आरोपी पिता-पुत्र से हुई। मृतक ने बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपये में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि फगुआ राम कोरवा और बृजनाथ राम कोरवा ने लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया।

हमले में फगुआ राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे एंबुलेंस से इलाज के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई अघनू राम कोरवा की रिपोर्ट पर सन्ना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी बरामद कर जब्त कर लिया है। कार्रवाई में सन्ना थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS