Explore

Search

August 12, 2026 4:36 pm

प्रयागराज से पकड़े गए गांजा तस्करी के दो आरोपी, जशपुर पुलिस ने भेजा जेल

ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस की कार्रवाई, 207 किलो गांजा तस्करी मामले में दोनों आरोपी थे फरार

“डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह कहा कि दोकड़ा चौकी क्षेत्र के गांजा तस्करी मामले में फरार दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, एंड-टू-एंड जांच में दो और नाम सामने आए हैं विवेचना जारी है ,तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा”

CBN36 जशपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। दोकड़ा चौकी क्षेत्र में 207 किलो गांजा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को जशपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आम की पेटियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 207 किलो गांजा

पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में कच्चे आम के बीच भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर दोकड़ा पुलिस ने ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की।

पुलिस को देखते ही पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा। कांसाबेल पुलिस ने भी रास्ते में नाकाबंदी की, लेकिन चालक वाहन को यू-टर्न लेकर वापस दोकड़ा की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर बहाल जोर के पास पिकअप को पकड़ लिया।

23 कैरेट में छिपाए थे गांजे के 207 पैकेट

तलाशी के दौरान पिकअप की ट्रॉली में प्लास्टिक की 23 कैरेट में कच्चे आम भरे मिले। आम हटाने पर उनके नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे गांजे के पैकेट मिले। पुलिस ने कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा बरामद किया।इस मामले में पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक UP-70-RT-6633, मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद भी जब्त किए थे।

एक करोड़ 13 लाख से अधिक की जब्ती

पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसमें करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये का गांजा, 10 लाख रुपये कीमत का तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, करीब 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद शामिल हैं।

इस मामले में पहले पुलिस ने जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम विमड़ा निवासी प्रेमनाथ सिंह (36) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

एंड-टू-एंड जांच में सामने आए दो और नाम

पुलिस ने मामले की एंड-टू-एंड जांच जारी रखते हुए गांजा तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की। इनमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले शारदा केसरवानी (19) और मनीष पासी (28) के नाम सामने आए। दोनों घटना के बाद से फरार थे।

पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से दोनों के प्रयागराज क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।

विशेष टीम ने प्रयागराज में दबोचा

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को प्रयागराज से पकड़ लिया और जशपुर लेकर आई।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस, आरक्षक सुरेंद्र यादव और जयप्रताप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी बोले- तस्करी में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि दोकड़ा चौकी क्षेत्र के गांजा तस्करी मामले में फरार दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना जारी है और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS