CBN36 वर्धा। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक को जनसंपर्क के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं दीर्घकालीन योगदान के लिए “दिल्ली गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। संस्कृति युवा संस्था द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय, नई दिल्ली में भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। समारोह में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।
डॉ. अजीत पाठक को भारत में जनसंपर्क को एक रणनीतिक प्रबंधन विधा के रूप में स्थापित करने वाले प्रमुख मार्गदर्शकों में माना जाता है। वे भारत में जनसंपर्क विषय में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाले प्रथम विद्वान हैं। वर्ष 2006 से PRSI की राष्ट्रीय परिषद का नेतृत्व कर रहे डॉ. पाठक को जून 2025 में नई दिल्ली में आयोजित अधिवेशन में लगातार 21वीं बार सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। यह देशभर के जनसंपर्क क्षेत्र के पेशेवरों में उनके प्रति विश्वास और सम्मान को दर्शाता है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में महाप्रबंधक-कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, प्रशासन एवं कल्याण के रूप में चार दशक से अधिक के अपने शानदार कॉर्पोरेट कार्यकाल में डॉ. पाठक ने कॉर्पोरेट संवाद और ब्रांड निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए। वैश्विक स्तर पर उन्होंने ग्लोबल अलायंस फॉर पब्लिक रिलेशंस एंड कम्युनिकेशन मैनेजमेंट के सचिव तथा इंटरनेशनल पब्लिक रिलेशंस एसोसिएशन (IPRA) के बोर्ड सदस्य के रूप में भारतीय जनसंपर्क को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित किया।
राष्ट्रीय अभियानों को मिला नेतृत्व
डॉ. पाठक के नेतृत्व में PRSI ने राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण अभियानों को गति दी। इनमें ‘विजयी भारत अभियान’ के अंतर्गत कोरोना जागरूकता, नई शिक्षा नीति का प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने की पहल, G-20 जागरूकता अभियान तथा प्रथम भारत-रूस जनसंपर्क एवं मीडिया सम्मेलन प्रमुख हैं।
उनका मानवीय, समावेशी और अकादमिक दृष्टिकोण जनसंपर्क एवं मीडिया क्षेत्र की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। “दिल्ली गौरव सम्मान” उनके नैतिक, प्रभावी और जनहितकारी संचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में किए गए दीर्घकालीन योगदान की महत्वपूर्ण स्वीकृति है।PRSI के वर्धा चैप्टर ने डॉ. अजीत पाठक को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
प्रधान संपादक



