“जनदर्शन में सामने आई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश ,लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं उचित निराकरण पर जोर ”

अतिक्रमण से लेकर राशन कार्ड, मुआवजा, आंगनबाड़ी और बैंक दस्तावेजों तक पहुंचे मामले; अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
CBN36 बिलासपुर, 11 अगस्त। जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहर से लेकर गांवों तक के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और एडीएम शिव कुमार बनर्जी ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
रास्ते पर कब्जा, किसानों का आवागमन प्रभावित
विकासखंड कोटा के ग्राम रैनपुर कर्रा निवासी भरत लाल केवट ने आम निस्तारी के रास्ते को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि मुख्य गली में बांस गाड़ने, गोबर का घूरवा रखने सहित अन्य अवरोधों के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है। इससे किसानों के ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने राजस्व अमले से मौके पर जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
श्रमिक कार्ड की गलती से योजनाओं का लाभ अटका
नयापारा निवासी गजबाई कुर्रे ने श्रमिक कार्ड में त्रुटि सुधारने के लिए आवेदन दिया। उनका कहना था कि कार्ड में गलत जानकारी दर्ज होने के कारण उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने शीघ्र संशोधन कर योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
बिजली करंट से घायल, इलाज का कर्ज चुकाने मांगी मदद

रमतला निवासी बलहीन बाई ने आर्थिक सहायता के लिए कलेक्टर को आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि बिजली करंट की चपेट में आने के बाद उपचार में काफी राशि खर्च हो गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार के लिए लिया गया कर्ज चुकाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बंद राशन कार्ड ने रोका परिवार का राशन
रतनपुर क्षेत्र के करैहापारा निवासी देहुती बाई ने बंद राशन कार्ड को दोबारा चालू कराने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड बंद होने से परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन से वंचित है। उन्होंने पात्रता के आधार पर कार्ड पुनः सक्रिय करने की मांग की।
बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त नारियल का पेड़ बना खतरा
वार्ड क्रमांक-18, तिलक नगर निवासी योगेश दीक्षित ने घर परिसर में स्थित करीब 30 वर्ष पुराने नारियल के पेड़ को हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हाल ही में बिजली गिरने से पेड़ का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और अब उसके गिरने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
आंगनबाड़ी निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, जांच की मांग

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत दर्राभांठा निवासी देवसिंह सोनवानी ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता और शासकीय राशि के उपयोग की जांच की मांग की। आवेदन में आरोप लगाया गया कि भवन निर्माण के लिए राशि आहरित होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। वहीं, बच्चों को जर्जर भवन में संचालित आंगनबाड़ी में बैठना पड़ रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
NOC के बाद भी नहीं मिले संपत्ति के मूल दस्तावेज
रतनपुर निवासी रामकुमार मण्डलोई ने स्टेट बैंक से जुड़े ऋण प्रकरण को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बैंक से एनओसी जारी होने के बावजूद उनकी संपत्ति के मूल दस्तावेज वापस नहीं किए गए हैं। उन्होंने दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
सड़क चौड़ीकरण में गई जमीन का मुआवजा अब तक नहीं
तखतपुर तहसील के ग्राम केकती निवासी पेखन राम यादव ने बताया कि खम्हरिया-देजा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए उनकी भूमि का एक हिस्सा अधिग्रहित किया गया था, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने अधिग्रहित भूमि की मुआवजा राशि शीघ्र दिलाने की मांग की।
डूब क्षेत्र में गई कृषि भूमि, मुआवजे की फरियाद
रतनपुर तहसील के बांसाझाल निवासी भरत सिंह ने बताया कि उनकी कृषि भूमि नाले के डूब क्षेत्र में आने से प्रभावित हो गई है। भूमि का उपयोग नहीं हो पाने के कारण उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रभावित भूमि का नियमानुसार सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
प्रधान संपादक



