Explore

Search

August 11, 2026 3:39 pm

24 टन अवैध कबाड़ से लदा 14 चक्का ट्रक पकड़ा, 17.55 लाख का माल जब्त

ओडिशा से पूंजीपथरा प्लांट में खपाने लाया जा रहा था स्क्रैप, नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने दबोचा

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी,अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ ऐसे परिवहन में प्रयुक्त वाहनों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

CBN 36 रायगढ़। अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने 24 टन अवैध स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक में लदे टिन और लोहे के स्क्रैप समेत वाहन को जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17.55 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर गेरवानी मुख्य मार्ग पर की नाकेबंदी

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को रवाना किया गया। टीम ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान RJ05GB2229 नंबर के 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा (46), निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा, राजस्थान बताया।

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन और लोहे के टुकड़ों का स्क्रैप मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि कबाड़ ओडिशा से लोड कर पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए लाया जा रहा था।

7.55 लाख का स्क्रैप और 10 लाख का ट्रक जब्त

पुलिस ने ट्रक में लदे करीब 24 टन स्क्रैप की कीमत 7.55 लाख रुपये आंकी है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त 14 चक्का ट्रक की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों को मिलाकर कुल 17.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।मामले में आरोपी नेमीचंद मीणा के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

एसएसपी ने कहा- अवैध कबाड़ के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ ऐसे परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS