Explore

Search

August 9, 2026 9:00 pm

उफनते नाले में बहा युवक, पेड़ के सहारे अटकी सांसें; आधी रात पुलिस ने रस्सी के सहारे बचाई जान

“पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय ने रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल कसडोल पुलिस, डायल 112 की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के साहस और तत्परता की सराहना की। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में उफनती नदियों और नालों को पार करने का जोखिम न लें। पुल-पुलियों और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें”

CBN36 कसडोल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार रात कसडोल पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उफनते बरघाट नाले में बहे युवक की जान बचा ली। युवक तेज बहाव में बहते हुए नाले के बीच एक पेड़ के सहारे फंस गया था। अंधेरी रात में पुलिस, डायल 112 की टीम और ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना रस्सी के सहारे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

मना करने के बावजूद नाला पार करने लगा युवक

घटना 8 अगस्त की रात बलार रोड स्थित बरघाट नाले की है। भारी बारिश के कारण नाला उफान पर था और पानी का बहाव बेहद तेज था। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन वह जोखिम उठाकर पानी के बीच उतर गया। इसी दौरान तेज बहाव में उसका पैर फिसल गया और वह पानी में बहने लगा।

कुछ दूरी तक बहने के बाद युवक नाले के बीच स्थित एक पेड़ के सहारे फंस गया। वह काफी देर तक पेड़ को पकड़े जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाने की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक उमेश टंडन, प्रधान आरक्षक संत कुमार, आरक्षक अजय बंजारे, रविप्रकाश कंवर और विशंभर लहरें के साथ डायल 112 के आरक्षक राजकुमार प्रजापति और चालक केशव प्रसाद भी रेस्क्यू उपकरण और रस्सियां लेकर पहुंचे।

नाला पूरी तरह उफान पर था। रात के अंधेरे और तेज बहाव के कारण घटनास्थल पर पहुंचकर युवक को बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

रस्सी के सहारे खींचकर निकाला, बची युवक की जान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू की योजना बनाई। उफनते पानी के बीच रस्सी पहुंचाई गई और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर खींच लिया गया। पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग से युवक की जान बच गई।

अल्ट्राटेक प्लांट में पॉइंट मैन है युवक

रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान धनंजय गर्ग (28) पिता कैलाश गर्ग, निवासी सतना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट रवान में पॉइंट मैन के पद पर कार्यरत है। युवक के सकुशल बाहर आने के बाद उसके परिजनों और सहकर्मियों ने पुलिस का आभार जताया।

एसपी ने पुलिस टीम और ग्रामीणों की सराहना की

पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय ने रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल कसडोल पुलिस, डायल 112 की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के साहस और तत्परता की सराहना की। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में उफनती नदियों और नालों को पार करने का जोखिम न लें। पुल-पुलियों और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS