जशपुर के सिंगीबहार गांव में वारदात, झगड़ालू प्रवृत्ति से परेशान था आरोपी; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा किया जब्त
CBN36 जशपुर। तपकरा थाना क्षेत्र के सिंगीबहार गांव में पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, छह अगस्त को आरोपी सूरज सिंह (32) का अपने पिता कृष्णा सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पिता आए दिन घर और बाहर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर सूरज ने आवेश में आकर घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कृष्णा सिंह को पहले शासकीय अस्पताल केरसी ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मर्ग से शुरू हुई जांच, हत्या का मामला दर्ज
मामले में पहले कुनकुरी थाने में मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। घटना तपकरा थाना क्षेत्र की होने के कारण मर्ग डायरी तपकरा थाने भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, सील-लोढ़ा जब्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात अगस्त को सूरज सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जब्त कर लिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कौशिक, ऊपर कछार चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक



