Explore

Search

August 9, 2026 4:48 pm

सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 1215 वाहनों के ई-चालान

एक सप्ताह में 167 दुकानदारों को नोटिस, 97 कंडम वाहन हटाए; नौ दुकानदारों को BNS की धारा 152 के तहत नोटिस

CBN36 दुर्ग। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-53, मुख्य मार्गों और सर्विस रोड पर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ पिछले एक सप्ताह से लगातार कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगमों और नगर पालिका के साथ संयुक्त कार्रवाई

यातायात पुलिस दुर्ग ने नगर निगम भिलाई, नगर निगम दुर्ग, नगर निगम चरोदा और नगर पालिका कुम्हारी के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे दुकान लगाने, सामान रखने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 167 दुकानदारों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई।

सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों को चेतावनी

दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि दुकान का सामान सड़क अथवा पैदल चलने वाले मार्ग पर न रखें। सड़क पर सामान फैलाने से यातायात बाधित होने के साथ राहगीरों को भी परेशानी होती है। पुलिस ने दुकानदारों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

सुपेला और पावर हाउस में ऑटो डीलरों पर कार्रवाई

सुपेला और पावर हाउस क्षेत्र में मुख्य मार्ग के किनारे ऑटो डीलरों द्वारा सड़क पर खड़े किए गए वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई। संबंधित वाहनों पर ई-चालान भी किया गया। साथ ही भविष्य में मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े नहीं करने की समझाइश दी गई।

ऑटो-ई-रिक्शा चालकों को बस स्टैंड में वाहन खड़ा करने के निर्देश

ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को पावर हाउस बस स्टैंड में निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मुख्य मार्ग पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बनती है।

ठेला और गुमटी संचालकों को भी दी गई समझाइश

सड़क किनारे ठेला लगाने वाले व्यवसायियों को सड़क से नीचे किनारे की ओर ठेला लगाने के लिए कहा गया। वहीं गुमटी संचालकों को सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए।

नौ दुकानदारों को BNS की धारा 152 के तहत नोटिस

एक सप्ताह की कार्रवाई के दौरान दुर्ग क्षेत्र में तीन और छावनी क्षेत्र में छह, कुल नौ दुकानदारों के खिलाफ BNS की धारा 152 के तहत नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा सड़क किनारे लंबे समय से खड़े 97 कंडम वाहनों को हटाया गया।

1215 वाहनों पर ई-चालान

अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कुल 1215 वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की।

  • दुर्ग क्षेत्र: 256 वाहन
  • सुपेला क्षेत्र: 567 वाहन
  • भिलाई-3 क्षेत्र: 392 वाहन
  • कुल: 1215 वाहन

आगे भी जारी रहेगा अभियान

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क और सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने दुकानदारों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों, ठेला एवं गुमटी संचालकों तथा वाहन चालकों से सड़क और सर्विस रोड पर अतिक्रमण या अव्यवस्थित पार्किंग नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है। सड़क पर दुकान का सामान, ठेला, गुमटी या वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS