Explore

Search

August 6, 2026 7:58 pm

ओखरा रोड हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद

CBN36 दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र के ओखरा रोड पर युवक की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को मोतीराम गायकवाड़ (55) ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र भीष्म गायकवाड़ सुबह करीब नौ बजे टिफिन लेकर रायपुर जाने के लिए निकला था। करीब साढ़े दस बजे सूचना मिली कि ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास गांव के अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी ने विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल भीष्म को तत्काल मां कर्मा अस्पताल, मुरमुंडा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घायल की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़कर विवेचना की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी (53), निवासी ग्राम नरधा, थाना जामुल, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद 5 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से भीष्म के पेट और पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर और शांतिपूर्ण तरीके से करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून अपने हाथ में लेने से बचें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS