यातायात पुलिस ने कराया पौधारोपण, सुरक्षित व जागरूक समाज के निर्माण का दिलाया संकल्प
CBN36 रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस ने गायत्री नगर स्थित एमजीएम स्कूल में यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में यातायात डीसीपी डॉ. अर्चना झा और एसीपी सीमा अहिरवार ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा, महिला सम्मान, साइबर अपराधों से बचाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। उन्होंने महिला सुरक्षा, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में थाना खम्हारडीह के पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के जोखिमों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय की प्राचार्य ने यातायात पुलिस एवं सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन और समन्वय में एनजीओ पुलिस मित्र की सुश्री रोशना डेविड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने यातायात नियमों का पालन करने, महिला सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। यातायात पुलिस ने कहा कि सुरक्षित, अनुशासित और जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।
प्रधान संपादक



