Explore

Search

August 6, 2026 5:48 pm

ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, खरीदार समेत तीन गिरफ्तार

CBN36 रायगढ़। तमनार पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए खरीदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी बरामद की है। गिरोह के तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

एएसपी अनिल सोनी के अनुसार, तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर क्रमांक CG 13 AV 7911 जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। रात में टैंक में करीब 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल चोरी हो चुका था। शिकायत पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 197/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को मात्र चार हजार रुपये में बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली थी।

आरोपी किशोर कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG 13 BM 1854, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और पेचकस जब्त किया। इसके बाद कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया गया। उसने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार करते हुए बिक्री की रकम में से शेष 500 रुपये पुलिस को सौंप दिए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

जांच के दौरान चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने चोरी का डीजल जानबूझकर चार हजार रुपये में खरीदा था। इसके आधार पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो में लोहे का सब्बल, प्लास्टिक ड्रम, पाइप और अन्य औजार लेकर निकलते थे। सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल चोरी कर लेते थे। यदि मौके पर चालक मौजूद मिलता था तो उसे धमकाकर भगा देते थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों किशोर कुमार चौहान (37), कमलेश कुमार उरांव (23) और दुर्गाचरण पटेल (42) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई गौतम सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक विपिन पटेल तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत और पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ट्रकों, ट्रेलरों और अन्य भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी का माल खरीदने वालों के विरुद्ध भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS