CBN36 कवर्धा। अखंड भारतीय नामदेव महासभा ने कबीरधाम नामदेव समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष अभिताभ नामदेव को संगठन का राष्ट्रीय उपसचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के समाजजनों और पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए बधाई दी है।
अभिताभ नामदेव पिछले करीब 15 वर्षों से कबीरधाम नामदेव समाज के जिलाध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं। वर्ष 2025 में उन्हें लगातार पांचवीं बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया था। समाज में उनकी सक्रिय भूमिका और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अखंड भारतीय नामदेव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम भैया नामदेव ने उन्हें राष्ट्रीय उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।

अभिताभ नामदेव के नेतृत्व में समाज के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। समाज के लिए भूमि उपलब्ध कराने के साथ 10 लाख रुपये की शासकीय स्वीकृति से सामाजिक भवन का निर्माण कराया गया। इसके अलावा अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये तथा सांसद निधि से 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण की स्वीकृति भी दिलाई गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम भैया नामदेव ने कहा कि महासभा का उद्देश्य देशभर में नामदेव समाज को संगठित करना, युवाओं को समाज सेवा से जोड़ना तथा सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिताभ नामदेव के अनुभव और सक्रिय नेतृत्व से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
नियुक्ति के बाद अभिताभ नामदेव ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय उपसचिव के दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों का दौरा कर समाज को संगठित करने और एकता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी जल्द किया जाएगा।
अभिताभ नामदेव की नियुक्ति पर कवर्धा सहित प्रदेशभर के सामाजिक संगठनों और समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके राष्ट्रीय दायित्व मिलने को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
प्रधान संपादक



