Explore

Search

August 1, 2026 8:32 pm

माल ढुलाई में SECR की रफ्तार तेज, जुलाई में 21.53 मिलियन टन लदान; 48 स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं

CBN36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने जुलाई 2026 में माल ढुलाई और राजस्व दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है। रेलवे ने जुलाई में 21.53 मिलियन टन माल का लदान किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.16 प्रतिशत अधिक है। वहीं माल राजस्व बढ़कर 2,636.58 करोड़ रुपये पहुंच गया, जिसमें 4.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रेलवे के अनुसार, 31 जुलाई 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष में कुल 87.56 मिलियन टन माल का लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.66 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में संचयी माल राजस्व 10,490.77 करोड़ रुपये रहा।

सबसे अधिक माल लदान करने वाले बिलासपुर मंडल ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। जुलाई में मंडल ने 16.04 मिलियन टन माल का लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.09 प्रतिशत अधिक है। मंडल का जुलाई माह का माल राजस्व 2,079.89 करोड़ रुपये रहा, जबकि 31 जुलाई तक संचयी राजस्व 8,139.30 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में भी वृद्धि देखने को मिली। कोयले के लदान में 4 प्रतिशत, इस्पात संयंत्रों के लिए कच्चे माल (RMSP) में 4 प्रतिशत, लौह अयस्क में 18 प्रतिशत, क्लिंकर में 29 प्रतिशत और कंटेनर यातायात में 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ताप विद्युत संयंत्रों के लिए घरेलू कोयले की आपूर्ति में 13 प्रतिशत बढ़ोतरी से ऊर्जा क्षेत्र को भी मजबूती मिली। बेहतर परिचालन के कारण रेलवे ने 117.26 करोड़ रुपये का अतिरिक्त माल राजस्व अर्जित किया।

यात्रियों की सुविधा पर भी फोकस

रेलवे ने माल परिवहन के साथ-साथ यात्री सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। अप्रैल 2026 से अब तक 48 स्पेशल ट्रेनों के 140 फेरे संचालित किए गए हैं। इनमें गर्मी की छुट्टियों के दौरान समर स्पेशल, रथ यात्रा स्पेशल और वर्तमान में श्रावण मास को देखते हुए श्रावणी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शामिल है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का कहना है कि बढ़ती यात्री मांग और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए आगे भी आवश्यकता के अनुसार स्पेशल ट्रेनों का संचालन जारी रहेगा। रेलवे का लक्ष्य माल परिवहन को और मजबूत बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS