
“एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक गंभीर मामले का वैज्ञानिक एवं त्वरित विवेचना के माध्यम से खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है”
जशपुर।जशपुर पुलिस ने थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर में 70 वर्षीय बुजुर्ग चुगरू प्रधान की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की बहू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और संदिग्धों से पूछताछ की गई। विवेचना में सामने आया कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के कारण उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक 3 और 4 जुलाई की मध्यरात्रि आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया गया। इसके बाद मृतक के हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुगंती बेसरा (36), साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार एवं एसडीओपी जशपुर के मार्गदर्शन में थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर इस अंधे हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया।
प्रधान संपादक


