Explore

Search

August 21, 2026 9:22 pm

पत्नी पर बुलेट चढ़ाकर हत्या का प्रयास, आरोपी पति गिरफ्तार

रायगढ़। चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में पत्नी पर बुलेट मोटरसाइकिल चढ़ाकर हत्या का प्रयास करने के आरोप में जूटमिल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।

पुलिस के अनुसार, कोड़ातराई निवासी गणेशी साहू (32) ने थाना जूटमिल में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वर्ष 2014 में उसका प्रेम विवाह अमित साहू से हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट और विवाद करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराये के मकान में रहने लगी थी।

शिकायत के मुताबिक, 30 जून को जन्मदिन के अवसर पर आरोपी पति उसे भविष्य में शराब नहीं पीने और अच्छा व्यवहार करने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद तीन जुलाई की रात वह उसे अपने गांव कोड़ातराई ले गया। वहां चरित्र पर संदेह को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रही पत्नी को आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसने मोटरसाइकिल कई बार उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे महिला के सिर, गर्दन, हाथ, जांघ, चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता की शिकायत पर जूटमिल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने आरोपी अमित साहू (36) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध के मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS