Explore

Search

July 5, 2026 12:31 pm

चिंतन शिविर 3.0 : योग से हुई नई शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- स्वस्थ मन और शरीर से ही संभव है बेहतर सुशासन

रायपुर, 5 जुलाई। चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन की शुरुआत रविवार सुबह योगाभ्यास के साथ हुई। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) नवा रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि व्यक्ति प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना भी सीखता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सुशासन और प्रभावी निर्णय क्षमता के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। इसी उद्देश्य से चिंतन शिविर में दिन की शुरुआत योग से की गई, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक मंथन किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के इस सामूहिक आयोजन से चिंतन शिविर 3.0 में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। साथ ही अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश भी मिला है।

योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा आईआईएम रायपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS