Explore

Search

October 11, 2026 10:55 am

फरार आरोपी गिरफ्तार, पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला करने वाला भेजा गया जेल

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद हो या कोई अन्य कारण, हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं, क्षणिक आवेश में किया गया हमला न केवल परिवार को बिखेर देता है, बल्कि आरोपी को भी कानून के कठोर दायरे में ले आता है,पुलिस गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी”

रायगढ़, 4 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना कापू पुलिस ने पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला कर तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सरगुजा जिले के ग्राम चैनपुर निवासी जेरोमिना किस्पोट्टा (30) ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ अपने मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थीं। रात के भोजन के दौरान सब्जी को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे के सब्बल से पत्नी पर हमला कर दिया।

पत्नी को बचाने आए उसके पिता रघुराम किस्पोट्टा पर भी आरोपी ने धारदार टंगिया से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। चिकित्सीय परीक्षण में डॉक्टरों ने उनकी चोटों को गंभीर (ग्रिवियस) बताया।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 118(2) और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के दौरान थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सरगुजा जिले के थाना सीतापुर क्षेत्र स्थित ग्राम चैनपुर में घेराबंदी कर आरोपी अमिताप लकड़ा (35), पिता परमेश्वर लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया जब्त की गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव सहित थाना कापू के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद हो या कोई अन्य कारण, हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। क्षणिक आवेश में किया गया हमला न केवल परिवार को बिखेर देता है, बल्कि आरोपी को भी कानून के कठोर दायरे में ले आता है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS