Explore

Search

July 14, 2026 6:55 pm

बेकाबू बोलेरो ने महिला शिक्षिका को रौंदा, स्कूटी को टक्कर मार मकान में घुसी, चालक फरार

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद अनियंत्रित बोलेरो एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में लेते हुए सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया है और उसके पंजीयन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे चांटीडीह स्थित गायत्री मंदिर के पास हादसे की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मध्यप्रदेश पंजीयन की बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर एक स्कूटी से टकराया और सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा।

पुलिस के अनुसार घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि वह एक शिक्षिका हैं और ड्यूटी पर जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। समाचार लिखे जाने तक उनकी औपचारिक पहचान की प्रक्रिया जारी थी।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा उसके पंजीयन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS