बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में कथित अवैध रेत एवं मुरम उत्खनन के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला खनिज अधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। विधायक प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिला खनिज अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
विजय केशरवानी ने आरोप लगाया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से रेत और मुरम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन जारी है। उनका कहना था कि इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं पर्यावरण और ग्रामीणों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि खनिज विभाग मुख्यमंत्री के अधीन है। ऐसे में यदि जिले में खुलेआम अवैध उत्खनन हो रहा है तो विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि अधिकारियों की जानकारी के बिना बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और परिवहन कैसे संभव है।
अरपा नदी के संरक्षण का उठाया मुद्दा
विजय केशरवानी ने कहा कि अवैध रेत उत्खनन से अरपा नदी के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो रहा है। वहीं अवैध मुरम उत्खनन से बने गहरे गड्ढे बरसात के दौरान ग्रामीणों, खासकर बच्चों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि तेज रफ्तार रेत परिवहन वाहनों से दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
पहले भी उठा चुके हैं मामला
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पहले भी ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और कांग्रेस संगठन की ओर से उठाया गया था। सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान नगोई में जिला प्रशासन के समक्ष भी अवैध उत्खनन का मामला रखा गया था, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में रखी गईं ये प्रमुख मांगें
- अवैध रेत एवं मुरम उत्खनन स्थलों की तत्काल जांच।
- अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर।
- लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच।
- अवैध कारोबार में प्रयुक्त मशीनों और वाहनों की जब्ती।
- स्थायी निगरानी व्यवस्था लागू कर अवैध उत्खनन पर रोक।
7 दिन का अल्टीमेटम
विजय केशरवानी ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर अवैध उत्खनन बंद कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और कांग्रेस संगठन के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और खनिज विभाग की होगी।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी कलेक्टर सर्वेश भूरे से भी मुलाकात कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष धनंजय सिंह ठाकुर, हितेश देवांगन, संतोष गर्ग, शीतल दास महंत, रामकुमार भोई, अजय कुमार यादव, विक्की यादव, शिवा पांडे, इलू, हरीश राजपूत, इंद्र कुमार साहू, रामचरण कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: यह समाचार आयोजकों द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
प्रधान संपादक


