Explore

Search

June 21, 2026 8:54 pm

महात्मा गांधी हिंदी विश्वविद्यालय में 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

वर्धा, 21 जून। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन मेजर ध्यानचंद क्रीड़ांगण में उत्साहपूर्वक किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन के साथ हुई। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफ़ . कुमुद शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के मानसिक और बौद्धिक विकास का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग विश्व को एकसूत्र में बांधने की क्षमता रखने वाली साधना है तथा इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम की प्रस्तावना शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष प्रो. फरहद मलिक ने प्रस्तुत की। योग प्रशिक्षक संगीता सोमनकर के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. संदीप सपकाले ने किया, जबकि शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा समिति के पदेन सचिव डॉ. निशीथ राय ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

योग दिवस के आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता का वातावरण निर्मित किया तथा योग के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के सभी वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS