बिलासपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, नशामुक्ति का लिया संकल्प
बिलासपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बहतराई स्टेडियम में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रही। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि योग व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र को जोड़ने का कार्य करता है। योग के माध्यम से स्वस्थ और सकारात्मक समाज का निर्माण संभव है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त बनाता है।
ब्रह्माकुमारी संस्था की मंजू दीदी के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन और कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के समापन पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिले की ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में भी योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रधान संपादक


