Explore

Search

July 16, 2026 3:51 am

उड़ीसा अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश,छह आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी ने किया खुलासा 

बिलासपुर, 21 जून। बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त की है। गिरोह के अन्य तीन सदस्यों की तलाश जारी है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब छह बजे घर के बाहर साफ-सफाई के दौरान स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवक उसके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन परीक्षण किया। फुटेज में बिना नंबर की नीली स्कूटी पर सवार संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। इसी बीच थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला से मारपीट कर सोने की चैन लूटने की घटना हुई। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के हुलिये और गतिविधियों का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने के संकेत मिले।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर सिरगिट्टी के गणेश नगर में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने उड़ीसा निवासी अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था। इसके बाद सभी मिलकर शहर में चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। नवीन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर तीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य उड़ीसा से विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से महिलाओं को निशाना बनाते थे और संगठित तरीके से चैन स्नैचिंग, झपटमारी तथा लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस ने मामले में संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें राउरकेला निवासी शिव सिंह (28), सुंदरगढ़ निवासी शक्ति प्रसाद (20), सिरगिट्टी निवासी नवीन साहू (32), सुंदरगढ़ निवासी प्रमोद सिंह (30), उदितपुर निवासी अतुल मुंडा (18) तथा संबलपुर निवासी बसंता खड़िया (20) शामिल हैं। बसंता खड़िया वर्तमान में सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहा था।

एसएसपी की अपील

एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाना अथवा पुलिस को अवश्य दें। समय पर सूचना मिलने से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकती है और इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS