Explore

Search

June 21, 2026 6:35 pm

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छत्तीसगढ़ में सामूहिक योगाभ्यास, योग को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

रायपुर, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल रमेन डेका तथा मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर नागरिकों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की सनातन परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” वर्तमान समय की आवश्यकता को दर्शाती है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से सजग और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं और विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। राज्य सरकार योग के विस्तार और संस्थागत विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा योग शिक्षा, प्रशिक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इधर रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित योग शिविर में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश का वाचन किया और सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से योग को जीवनशैली में शामिल करने और बच्चों को भी नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

नारायणपुर जिले के कोटमहर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने योगाभ्यास करते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है तथा स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग आवश्यक है।

सारंगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की उपस्थिति में एक हजार से अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा संगीत की धुन पर योग मुद्राओं की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि योग और अध्यात्म व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने नागरिकों को नियमित योग, नशामुक्त जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया।

प्रदेशभर में विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS