रायपुर, 16 जून। छत्तीसगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन सरगुजा जिले में प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के सभी जिलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आयुष विभाग और समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि 21 जून को ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा नीट पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस के कार्यक्रमों से परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुष विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारत सरकार के निर्देशानुसार इस बार व्यापक जनभागीदारी पर विशेष बल दिया जा रहा है। 14 जून से प्रतिदिन सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
योग दिवस में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है। इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा योग संगम पोर्टल-2026 भी प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से विभिन्न संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय, सार्वजनिक उपक्रम तथा सामुदायिक संगठन 21 जून को आयोजित कार्यक्रमों के लिए पंजीयन करा सकते हैं और आयोजन के बाद विवरण तथा फोटो अपलोड कर सकते हैं। राज्य शासन के सभी विभागों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को अधीनस्थ संस्थाओं का पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं योग आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


