Explore

Search

June 15, 2026 6:22 pm

फर्जी नाम से ट्रेलर किराये पर लेकर बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

रायगढ़, 15 जून। कोतरारोड़ पुलिस ने ट्रेलर वाहन किराये पर लेकर उसे बेच देने के एक चर्चित धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू (28) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर वाहन मालिक से ट्रेलर हासिल किया था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि गोरखा निवासी हरदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने स्वयं को राकेश डनसेना बताकर ट्रेलर वाहन मासिक 80 हजार रुपये किराये पर लिया था। किरायानामा और बैंक का ब्लैंक चेक देने के बाद आरोपी वाहन लेकर चला गया तथा बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया। न तो किराया दिया गया और न ही वाहन लौटाया गया।

जांच में पता चला कि कथित राकेश डनसेना का वास्तविक नाम सुदामा प्रधान उर्फ छोटू है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर वाहन को रायपुर ले जाकर 5.20 लाख रुपये में बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली थी।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेलर वाहन को रायपुर में कबाड़ के रूप में काट दिया गया है। मामले में सह आरोपी गुरप्रीत सिंह अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी पहचान, जालसाजी और विश्वासघात के जरिए लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से वाहन या अन्य संपत्ति किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति का पूर्ण सत्यापन करने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS