Explore

Search

June 13, 2026 7:43 pm

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कसी अपराधों पर नकेल, बोले- सक्रिय निगरानी और जवाबदेही ही प्रभावी पुलिसिंग का आधार

छत्तीसगढ़ ।रायगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिसिंग का मूल मंत्र सक्रिय निगरानी, त्वरित कार्रवाई और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही है।

अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बाइक चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे नियंत्रित करने के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े शब्दों में कहा कि शहर में अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी के वाहनों पर सख्त प्रहार किया जाए। इसके साथ ही, फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ को और अधिक आक्रामक बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

जीरो टॉलरेंस और त्वरित कार्रवाई

महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एसएसपी ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित जांच पूरी कर समय-सीमा के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा, उन्होंने ‘ऑपरेशन आघात’ के माध्यम से अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रखने का आदेश दिया।

तकनीकी सुदृढ़ीकरण और भावी नेतृत्व का निर्माण

बैठक में एसएसपी श्री सिंह ने नए आपराधिक कानूनों के तहत थानों में रजिस्टरों के सही रखरखाव पर जोर दिया और अधिकारियों को नेटग्रिड एवं काईमैक्स पोर्टल जैसे तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को मार्गदर्शित करते हुए एसएसपी ने उन्हें फील्ड की बारीकियों को सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि एक कुशल विवेचक बनने के लिए व्यवहारिक अनुभव और कार्य सीखने की ललक अनिवार्य है।

आगामी निरीक्षण की तैयारी

एसएसपी श्री सिंह ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के प्रस्तावित जिला निरीक्षण के मद्देनजर सभी तैयारियों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र की साफ-सफाई और निरीक्षण संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने को कहा।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।इस बैठक के माध्यम से एसएसपी शशि मोहन सिंह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जनता में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS