Explore

Search

June 10, 2026 5:23 pm

सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ, अब एक कॉल पर सुनी जाएगी जनता की हर समस्या

रायपुर। प्रदेश में सुशासन को नई दिशा देने की पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  मंत्रालय महानदी भवन में बहुप्रतीक्षित सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन का बटन दबाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की और साथ ही प्रणाली के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। इस नई व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अब अपनी शिकायतें, सुझाव और सरकारी सेवाओं से जुड़ा फीडबैक सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान बड़ी संख्या में प्राप्त शिकायतों और सुझावों ने एक प्रभावी एवं स्थायी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता को स्पष्ट किया था, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन प्रणाली विकसित की गई है।

उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 1076 पर नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग मोबाइल के माध्यम से आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रणाली अपने व्यापक दायरे के कारण विशेष महत्व रखती है। इसमें राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं और 1195 श्रेणियों में शिकायतों के निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा।

उन्होंने बताया कि यदि किसी शिकायतकर्ता को समाधान संतोषजनक नहीं लगता है, तो संबंधित शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेज दी जाएगी। इससे शिकायतों के सतही निराकरण पर रोक लगेगी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके संचालन के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी सतत मॉनिटरिंग करेगा।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी मंच भी है। नागरिक राज्य के विकास से जुड़े अपने सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा कर सकेंगे, जिससे नीति निर्माण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग राहुल भगत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली और विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS