Explore

Search

May 4, 2026 5:59 pm

ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी कार्रवाई: फरार डकैती आरोपी ऑनलाइन सट्टा चलाते गिरफ्तार, एक अन्य युवक भी पकड़ा गया

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग जैसे अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं ,उन्होंने युवाओं से ऐसे गतिविधियों से दूर रहने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी”

रायगढ़, 4 मई 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छाल थाना पुलिस ने एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है तथा फरार चल रहा था। पुलिस ने सट्टा खेलने वाले एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है।

क्या कहा डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने

ग्राम बरभौना निवासी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु लंबे समय से फरार था और गांव में छिपकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी पर वर्ष 2023 में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें गिरफ्तारी के बाद वह जेल गया था। जमानत पर छूटने के बाद उसने रायपुर के पंडरी क्षेत्र में एक ट्रेडिंग ऑफिस में डकैती की घटना को अंजाम दिया था और तब से फरार था।

बताया गया कि आरोपी फरारी के दौरान ओडिशा, रायपुर और रायगढ़ के बीच लगातार ठिकाने बदलते हुए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहा था। इसी दौरान आईपीएल मैच के दौरान बॉल-टू-बॉल सट्टा खिलाने की सूचना पुलिस को मिली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में छाल पुलिस ने एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में कुरकुट नदी पुल के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की, जहां आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टे से जुड़े लेन-देन और दांव के डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रूपधर पटेल नामक युवक ने आरोपी को ऑनलाइन 1500 ट्रांसफर कर सट्टा खेला था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। उसके मोबाइल में फोन-पे ट्रांजेक्शन और व्हाट्सएप चैट के जरिए भुगतान के साक्ष्य मिले।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नगदी एवं सट्टे से संबंधित सामग्री जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 82 हजार बताई गई है। दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग जैसे अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से ऐसे गतिविधियों से दूर रहने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS