Explore

Search

May 10, 2026 4:40 am

मोपका में सुलह की बात बनी जानलेवा, चाकू से हमला कर युवक की हत्या,चंद घंटों में 3 आरोपी व 2 नाबालिग पकड़े, हथियार बरामद

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौक में पुराना विवाद सुलझाने गए युवकों पर अचानक हमला हो गया। गाली-गलौज के बीच हुए झगड़े में एक युवक पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर 3 आरोपियों समेत 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या कहा एएसपी पंकज पटेल ने 

पुलिस के अनुसार, गुड़ीपारा संतोषी चौक निवासी अभय यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े पिताजी का बेटा ओमप्रकाश यादव का पास में रहने वाली एक युवती से परिचय था। इसी बात को लेकर 1 मई को ओमप्रकाश यादव का अजीत सूर्यवंशी और उसके साथियों से विवाद हो गया था।

शनिवार रात करीब 10:30 बजे ओमप्रकाश यादव अपने दोस्तों अभिषेक यादव, पंकज साहू और अजय साहू के साथ मोपका चौक स्थित कलकत्ता स्वीट्स के पास पुराने विवाद को सुलझाने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद आशीष सूर्यवंशी, महावीर सूर्यवंशी, रघुवीर सूर्यवंशी व उनके साथ दो नाबालिगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।

झगड़े के दौरान आशीष सूर्यवंशी ने धारदार चाकू निकालकर अभिषेक यादव के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आए ओमप्रकाश यादव को भी मारपीट में चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने घेराबंदी कर अलग-अलग स्थानों से तीनों आरोपियों और दो नाबालिगों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में कुछ हद तक भरोसा भी कायम हुआ है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS