Explore

Search

May 3, 2026 5:33 pm

जनगणना कार्य का निरीक्षण: कलेक्टर-एसएसपी ने प्रगणक बनकर घर-घर जुटाई जानकारी

बिलासपुर। राष्ट्रीय जनगणना के दूसरे दिन जिले में व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह तथा नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शहरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगर निगम के जोन क्रमांक 7 अंतर्गत वार्ड 58 स्थित रामा ग्रीन सिटी फेज-2 पहुंचकर चल रहे जनगणना कार्य का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर, एसएसपी और निगम कमिश्नर स्वयं प्रगणक बनकर कुछ घरों में पहुंचे और रहवासियों से आवश्यक जानकारी एकत्रित कर उसे ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जनगणना देश के विकास एवं नीतिगत निर्णयों का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें।

प्रगणकों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कार्य काफी सरल हो गया है। औसतन एक घर की जानकारी लगभग 5 मिनट में 33 बिंदुओं के आधार पर ऑनलाइन दर्ज की जा रही है, जिससे कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। व्यक्तिगत आंकड़े किसी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किए जाते और न ही इन्हें सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत उपलब्ध कराया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग केवल शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए किया जाता है।

इस अवसर पर एडीएम सह जिला जनगणना अधिकारी शिव कुमार बनर्जी एवं संबंधित जोन कमिश्नर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS