Explore

Search

April 9, 2026 7:50 pm

सिगरेट के विवाद से शुरू हुई रंजिश, कैरम सेंटर में बना जानलेवा हमले का मंच

दुर्ग-भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने आपराधिक रूप लेते हुए गंभीर वारदात को जन्म दे दिया। सिगरेट मांगने से उपजे विवाद ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया, जहां आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से प्रार्थी पर हमला कर हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

घटना 07 अप्रैल 2026 की है, जब प्रार्थी मोहम्मद वसी बड़ी मस्जिद के पास स्थित अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर में मौजूद था। इसी दौरान सिगरेट मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रारंभिक कहासुनी के बाद मामला शांत होने के बजाय और उग्र हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी मौके से हटे और कुछ ही समय में अपने अन्य साथियों को बुलाकर दोबारा पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमला अचानक नहीं बल्कि आक्रामक मंशा के साथ किया गया।

आरोपीगण मोहम्मद रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू एवं रज्जा अहमद उर्फ पप्पू ने मिलकर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद गला दबाकर और धारदार नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। यह घटनाक्रम इलाके में बढ़ती असहिष्णुता और छोटी बातों पर हिंसा की प्रवृत्ति को उजागर करता है।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 118(1), 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। 

कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार नुकीली वस्तु एवं अन्य सामग्री जप्त की है।

क्राइम एंगल से देखें तो यह मामला केवल तात्कालिक विवाद नहीं, बल्कि आक्रामक मानसिकता और समूह में अपराध करने की प्रवृत्ति को दर्शाता है, जहां छोटी-सी बात पर हिंसक प्रतिक्रिया दी गई। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।

पूरे घटनाक्रम में थाना छावनी के सउनि दिनेश कुमार सिंह, आरक्षक विकास सिंह एवं संदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे छोटे-छोटे विवादों को तूल न दें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS