Explore

Search

April 9, 2026 7:48 pm

भिलाई में अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती महाकुंभ का शंखनाद कल से,सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ रचेगा इतिहास

देशभर के 1100 पहलवान दिखाएंगे दमखम,खिलाड़ियों का आगमन शुरू,आयोजन को सफल बनाने में जुटी टीम

दुर्ग, 09 अप्रैल 2026। इस्पात नगरी भिलाई पहली बार अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता जैसे बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के मार्गदर्शन और नेतृत्व में 10 से 12 अप्रैल तक ‘भिलाई निवास’ स्थित साइकिल पोलो ग्राउंड में यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एयर कंडीशन अस्थायी डोम शेड में प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 8:30 बजे होगा। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी स्वयं सांसद विजय बघेल ने संभाली है।

देशभर के 1100 पहलवान दिखाएंगे दमखम

देश के 28 राज्यों और विभिन्न सर्विसेज टीमों से 1100 से अधिक महिला एवं पुरुष पहलवान इस प्रतियोगिता में भाग लेने भिलाई पहुंच रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 120 पदक और 3 ट्रॉफियों के लिए मुकाबले होंगे।

आयोजन में पूर्व सांसद एवं पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह की विशेष उपस्थिति रहेगी। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता खिलाड़ी तथा जॉर्जिया के कोच के साथ भारतीय सर्विसेज टीमों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र होगी।

खिलाड़ियों का आगमन शुरू

प्रतियोगिता के लिए विभिन्न राज्यों की टीमों का भिलाई पहुंचना शुरू हो गया है। अब तक जम्मू से 15 बालक एवं 7 बालिकाएं, झारखंड से 10 बालिकाएं, केरल से 10 बालिकाएं और दिल्ली से 4 बालिकाएं पहुंच चुकी हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

आयोजन को सफल बनाने में जुटी टीम

इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी दिलबर यादव, छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ के अध्यक्ष जगन्नाथ यादव, महासचिव प्रशांत राय, उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव, लक्ष्मण पहलवान, भगवान पहलवान सहित संघ के सभी पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सांसद विजय बघेल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS