Explore

Search

July 13, 2026 12:56 pm

रायगढ़ पुलिस की सख्ती, डायल 112 चालक पर हमला मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रायगढ़, 9 अप्रैल। शहर में असामाजिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस के बीच डायल 112 चालक से मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, सराईभदर निवासी मुकेश नायक (26) ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह डायल 112 वाहन में निजी चालक के रूप में कार्यरत है। 3 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी स्कूटी से कोतरारोड़ स्थित शराब दुकान के पास पहुंचा था, तभी काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां आए और बिना किसी कारण विवाद शुरू कर दिया।

सुनसान जगह ले जाकर किया हमला

आरोपियों ने मुकेश को जबरन सुनसान स्थान पर ले जाकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से कमर के नीचे वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पहचान के बाद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 181/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रार्थी और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने रामभाठा निवासी जितेन्द्र कुमार टण्डन (30) को गिरफ्तार कर लिया। मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान परेड में भी आरोपी की पुष्टि हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अजमानतीय धाराओं में कार्रवाई की है।

शराब दुकान के आसपास सक्रिय बदमाश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात स्थल शराब दुकान के पास का सुनसान इलाका है, जहां अक्सर असामाजिक तत्वों की आवाजाही रहती है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड क्या है और क्या वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS