
“सीटीआई राजकुमार की ईमानदारी यात्री सेवा सर्वोपरि की भावना को साकार करती है और दर्शाती है कि रेल कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं”
नागपुर, 31 मार्च 2026।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में एक रेल कर्मचारी ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए यात्री का खोया आभूषण सुरक्षित लौटाकर सेवा की उत्कृष्ट मिसाल पेश की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य टिकट निरीक्षक राज कुमार 30 मार्च को गाड़ी संख्या 20846 बीकानेर–बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में ट्रेन कैप्टन के रूप में ड्यूटी पर थे। नागपुर स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के बाद नियमित जांच के दौरान वे एसी प्रथम श्रेणी (H1) कोच के एक केबिन में पहुंचे, जहां प्रयुक्त बेडशीट पर एक सोने की बाली पड़ी मिली।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल कोच अटेंडेंट की सहायता से बाली को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद हैंड हेल्ड टर्मिनल के माध्यम से संबंधित यात्रियों का विवरण निकाला गया, जिससे पता चला कि यात्री नागपुर स्टेशन पर उतर चुके हैं।

सीटीआई राज कुमार ने उपलब्ध संपर्क नंबर के जरिए यात्री से संपर्क स्थापित किया। बातचीत के दौरान यात्री के परिजन ने बाली खोने की पुष्टि की। इसके बाद बाली की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हुई।
राज कुमार ने यात्री को आश्वस्त किया कि 31 मार्च को गाड़ी संख्या 12860 गीतांजलि एक्सप्रेस से नागपुर पहुंचने पर बाली उन्हें वापस सौंप दी जाएगी। निर्धारित समय पर नागपुर पहुंचने के बाद बाली को यात्री डॉ. सयाली डीएमओ, मध्य रेलवे द्वारा भेजे गए प्रतिनिधि को विधिवत सौंप दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण भारतीय रेल में यात्रियों के विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने अन्य कर्मचारियों से भी इसी प्रकार ईमानदारी और सजगता के साथ दायित्व निभाने की अपेक्षा की।
यह घटना यात्री सेवा सर्वोपरि की भावना को साकार करती है और दर्शाती है कि रेल कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
प्रधान संपादक


