Explore

Search

March 25, 2026 10:18 am

Video: स्कार्पियो पर पुलिस लिखकर घूम रहे बाउंसर, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

बिलासपुर। शहर में एक स्कार्पियो वाहन पर पुलिस लिखकर बाउंसरों के घूमने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है और संबंधित लोगों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।



जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दो महिला बाउंसर समेत कुल आठ लोग एक स्कार्पियो वाहन में सवार दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि वाहन के आगे और पीछे के शीशों पर पुलिस लिखा हुआ था। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने जांच के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस की टीम ने वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति नरेंद्र जैन को तखतपुर से हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि नरेंद्र जैन ने कुछ समय पहले अपनी स्कार्पियो को पुलिस विभाग में किराए पर लगाया था, लेकिन बाद में उसने वाहन का निजी उपयोग शुरू कर दिया। इस दौरान वाहन पर लगे पुलिस के मोनो को हटाया नहीं गया। निजी वाहन पर इस प्रकार सरकारी पहचान चिह्न का उपयोग करना नियमों के खिलाफ है और इससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने स्कार्पियो को जब्त कर लिया है और बाउंसरों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपित के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि निजी वाहन पर पुलिस लिखकर चलाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि इस तरह की हरकतों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS