Explore

Search

March 23, 2026 7:25 pm

गंगरेल नौकायान उत्सव: महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन, धमतरी में रचा गया इतिहास

धमतरी, 22 मार्च 2026। धमतरी जिले के लिए  दिन उस समय ऐतिहासिक साबित हुआ, जब पहली बार गंगरेल बांध की शांत जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और टीम वर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर उत्साह, रोमांच और जनसहभागिता का अद्वितीय वातावरण देखने को मिला।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में धमतरी सहित समीपवर्ती जिलों कांकेर एवं बालोद की कुल 52 टीमों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर एक बड़े खेल महोत्सव के रूप में उभरा। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक श्री ओमकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महिला सहभागिता ने बढ़ाया गौरव

इस आयोजन की विशेष उपलब्धि ग्रामीण अंचलों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की श्रीमती चयन बाई, श्रीमती सुमन एवं श्रीमती दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर न केवल प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बनाया, बल्कि महिला सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश भी दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका साहस और आत्मविश्वास सराहनीय रहा।

प्रतियोगिता के परिणाम

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान: बोट क्रमांक 04 रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद द्वितीय स्थान: बोट क्रमांक 01 (सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी, कोलियारी तृतीय स्थान: बोट क्रमांक 10 कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी, तिर्रा अन्य श्रेणियों में वेशभूषा पुरस्कार: बोट क्रमांक 06 पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद, तिर्रा सजावट पुरस्कार: बोट क्रमांक 08 रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद, सटी यारा शामिल रहे ।

विजेताओं को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए प्रथम पुरस्कार: 1,00,000 द्वितीय पुरस्कार: 50,000 तृतीय पुरस्कार: 25,000 दिए गए ।इसके अतिरिक्त, वेशभूषा एवं सजावट के लिए 11,000 के विशेष पुरस्कार तथा महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 15,000, 10,000 एवं 5,000 के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं जल पर्यटन को नई पहचान देगा। महापौर श्री रामू रोहरा ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण पहल बताते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में खेल एवं साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मत्स्य विभाग द्वारा 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए, जिससे मत्स्य व्यवसाय को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। साथ ही जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वॉटर एंबुलेंस का शुभारंभ भी किया गया।

पर्यटन और विकास की नई दिशा

‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति और खेल गतिविधियों के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। यह आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि गंगरेल क्षेत्र को राज्य के प्रमुख पर्यटन एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS