Explore

Search

March 21, 2026 10:22 pm

दुर्ग पुलिस की क्राइम मीटिंग में सख्त निर्देश, अपराध नियंत्रण पर एसएसपी विजय अग्रवाल का फोकस

“एसएसपी आईपीएस विजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी”

दुर्ग। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल ने जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों की उपस्थिति में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी श्री अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की जाए और वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचना दी जाए। उन्होंने वर्ष 2024 से पूर्व के लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों के प्राथमिकता से निराकरण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अवैध नशे, जुआ-सट्टा एवं स्थायी वारंटियों के खिलाफ सख्त एवं सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर फ्रॉड एवं वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में तकनीकी संसाधनों के उपयोग से शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी ने ईद एवं नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांति समिति के पुनर्गठन और विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए। संवेदनशील एवं सांप्रदायिक मामलों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।

उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर थाना में उपस्थित रहकर आम नागरिकों की शिकायतें सुनें और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही समंस एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामिली, बीट सिस्टम की प्रभावी निगरानी एवं लंबित प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों के शीघ्र निष्पादन पर भी बल दिया।

बैठक में प्रशासनिक अनुशासन, पत्र व्यवहार की समयबद्धता, ई-ऑफिस एवं अन्य डिजिटल प्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा थाना एवं चौकी भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी जैसे विषयों पर भी निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईसीयूडब्लू ममता देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से एसएसपी आईपीएस विजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS