
अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने ,रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग, अपराध संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा बीट प्रणाली को और मजबूत करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा।आईजी बिलासपुर रेंज आईपीएस रामगोपाल गर्ग ने जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। यह बैठक पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं विवेचना की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय एएसपी उमेश कश्यप सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी तथा थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

आईजी श्री गर्ग ने जिले में दर्ज अपराधों की स्थिति, गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों, लंबित मामलों की विवेचना तथा चालानी कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। विशेष रूप से चोरी, लूट, नकबजनी, मारपीट, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध तथा अवैध शराब व नशे के कारोबार से जुड़े मामलों पर गंभीर चर्चा की गई।
पुलिस महानिरीक्षक ने फरार एवं स्थायी वारंटियों की प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने पर बल दिया।
अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए आईजी ने रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग, अपराध संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा बीट प्रणाली को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, आम नागरिकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित निराकरण करने एवं सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को अनुशासन पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीओपी चांपा यदुमनी सिदार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम सहित जिले के थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


