12 खेलों में जूनियर-सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे सरगुजा ओलंपिक के तहत संभाग के छह जिलों में संपन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 10,577 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ये सभी खिलाड़ी विकासखंड स्तर की स्पर्धाओं के विजेता रहे, जिन्होंने जिला मुख्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में सहभागिता की।

सरगुजा संभाग के सभी जिला मुख्यालयों में 5 फरवरी से 13 फरवरी के बीच अलग-अलग तिथियों में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला-वार सहभागिता की बात करें तो कोरिया जिले से 510, जशपुर से 3,126, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 706, सरगुजा से 1,797, बलरामपुर-रामानुजगंज से 2,424 तथा सूरजपुर जिले से 2,014 खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में शामिल हुए।

जिला स्तरीय आयोजनों में खिलाड़ियों ने कुल 12 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई, जिनमें 5 व्यक्तिगत और 7 दलीय खेल शामिल थे। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती एवं कराटे शामिल रहे। वहीं दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
सभी स्पर्धाएं जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष, बालक-बालिका) तथा सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक, महिला-पुरुष) में कराई गईं। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

संभाग स्तर पर चयनित विजेताओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य में संचालित खेल अकादमियों में सीधा प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही इन्हें यूथ आइकॉन के रूप में भी चयनित किया जाएगा, जो बच्चों और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सरगुजा ओलंपिक के प्रथम चरण में आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए संभाग के सभी 32 विकासखंडों से कुल 3,49,370 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इनमें 1,59,712 पुरुष तथा 1,89,658 महिला खिलाड़ी शामिल थीं।
प्रधान संपादक


