Explore

Search

October 19, 2026 9:35 pm

नेशनल हाईवे-53 पर पुलिस की मुस्तैदी, 46 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

अवैध पार्किंग करने वाले 2,683 वाहन हटाए, सड़क पर घूम रहे 3,256 मवेशियों को भी हटाया

CBN36 दुर्ग। नेशनल हाईवे-53 पर सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी कर रही है। टीम ने वर्ष 2026 के शुरुआती नौ महीनों में सड़क दुर्घटनाओं में घायल 46 लोगों को गोल्डन आवर्स में अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। वहीं, सड़क पर अवैध रूप से खड़े 2,683 वाहनों को हटाया गया और सड़क पर विचरण कर रहे 3,256 मवेशियों को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई की गई।

कुम्हारी टोल प्लाजा से खपरी नाला बाईपास तक निगरानी

उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था की है। हाइवे पेट्रोलिंग टीम कुम्हारी टोल प्लाजा से खपरी नाला बाईपास मार्ग तक लगातार निगरानी कर रही है।

हादसों के घायलों को समय पर मिल रही मदद

सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसे ध्यान में रखते हुए पेट्रोलिंग टीम दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद कर रही है, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके। इसके साथ ही हाईवे पर अवैध पार्किंग से बाधित यातायात को सुचारू बनाने के लिए वाहनों को हटाया जा रहा है।

जाम लगने पर तत्काल कार्रवाई

हाईवे पर जाम की स्थिति बनने पर पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराने का प्रयास करती है। सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को सुरक्षित हटाने से वाहन चालकों को होने वाली परेशानी और संभावित दुर्घटनाओं का खतरा कम करने में भी मदद मिल रही है।

वाहन चालकों से नियमों के पालन की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से नेशनल हाईवे पर निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है। साथ ही पशुपालकों से मवेशियों को सड़क पर खुला नहीं छोड़ने और दुर्घटना या जाम की स्थिति में पुलिस एवं हाइवे पेट्रोलिंग टीम का सहयोग करने की बात कही है। पुलिस ने सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने और दूसरे राहगीरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS