Explore

Search

November 14, 2026 8:17 am

बिलासपुर समेत मंडल के सभी स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को होगा रेल जनसंवाद

रेलवे अधिकारी यात्रियों से सीधे करेंगे बात, समस्याएं सुनकर दर्ज करेंगे सुझाव और शिकायतें

CBN36 बिलासपुर। रेलवे यात्रियों की समस्याएं जानने और सुविधाओं में सुधार के लिए 22 अक्टूबर को बिलासपुर समेत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विशेष अभियान 6.0 के तहत होने वाले इस एक दिवसीय कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी यात्रियों, युवाओं और आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे।

रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को जानना है। इसके जरिए रेलवे प्रशासन यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और सेवाओं को अधिक सुविधाजनक व जवाबदेह बनाने की दिशा में कदम उठाएगा।

यात्री सुविधाओं और स्वच्छता पर होंगे सुझाव

जनसंवाद के दौरान रेलवे अधिकारी यात्रियों से स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और रेल सेवाओं से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी लेंगे। यात्री अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों और सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनसंवाद के बाद चलेगा स्वच्छता अभियान

रेल जनसंवाद कार्यक्रम के बाद संबंधित रेलवे स्टेशनों और परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा और यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही यात्रियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।इस अभियान में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, यात्रियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों से रेल जनसंवाद में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों के सुझाव और सहभागिता रेलवे सेवाओं में सुधार करने तथा स्टेशनों को स्वच्छ और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS