कोटा विधायक ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर की बंद स्ट्रीट लाइटें तत्काल चालू कराने की मांग
CBN36 कोटा। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने चिंता जताई है। उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर नगर की बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने पत्र में कहा है कि रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में प्रतिदिन छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक पर्वों पर श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि होती है। इसके बावजूद नगर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित स्ट्रीट लाइटें पिछले कई महीनों से बंद पड़ी हैं, जिससे अंधेरे की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से श्रद्धालुओं, नगरवासियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। विशेषकर रात के समय अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं, चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक नगरी की गरिमा को ध्यान में रखते हुए समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि मां महामाया के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु रतनपुर पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर बुनियादी सुविधाओं, विशेषकर प्रकाश व्यवस्था का लंबे समय तक बाधित रहना चिंताजनक है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अटल श्रीवास्तव ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर रतनपुर नगर की सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए तथा प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मां महामाया के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रधान संपादक